गौरीगंज (अमेठी)। किसानों से जुड़ी समस्याएं दूर कराने के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जो हर कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक संचालित होगा।
शासन के निर्देश पर मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम गठित किया गया। यहां कृषकों की समस्याएं सूचीबद्ध करने की जिम्मेदारी कनिष्ठ सहायक यश पांडेय तथा उनका निस्तारण कराने के लिए प्राविधिक सहायक डॉ. लालजी यादव को प्रभारी बनाया गया है।
कंट्रोल रूम प्रभारी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृषि निवेश यथा बीज, उर्वरक आदि निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने, कृषि निवेशों की आपूर्ति व वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने का काम करेंगे। कंट्रोल रूम का नंबर 7983400613 है।
जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि किसान अपनी समस्या व जानकारी हेतु इस नंबर पर किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक फोन कर सकते हैं।