अमेठी। प्रकाश गैस एजेंसी पर हुई कार्रवाई के बाद हजारों उपभोक्ताओं के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। संचालक पर रिपोर्ट दर्ज होने, सिलिंडर जब्त किए जाने और अन्य कार्रवाई के बाद गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। एजेंसी से करीब 40 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं।
सबसे बड़ी समस्या उन उपभोक्ताओं के सामने है, जिनका डीएसी कोड जारी हो चुका है। ऐसे उपभोक्ता यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उन्हें गैस सिलिंडर कहां से मिलेगा। इसके अलावा करीब चार हजार ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिनकी परची पहले ही कट चुकी है, लेकिन अब उन्हें सिलिंडर मिलेगा या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर कार्रवाई के बाद उन्हें किसी वैकल्पिक व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए पेट्रोलियम संस्थान को पत्र भेजा गया है। संस्थान की ओर से सोमवार को उपभोक्ताओं को नजदीकी एजेंसियों से संबद्ध कर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
पोर्टल से एकत्र की जा रही जानकारी्र
गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद पेट्रोलियम संस्थान और पूर्ति विभाग उपभोक्ताओं का डाटा जुटाने में लगे हैं। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो चुकी है और रसीद कट चुकी है, लेकिन डिलीवरी नहीं हुई है, उनकी जानकारी विभागीय पोर्टल से एकत्र की जा रही है। डिलीवरी न पाने वाले उपभोक्ताओं को जल्द ही सिलिंडर उपलब्ध कराने की तैयारी है। सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था बनाई जा रही है।