अमेठी सिटी। नगर पालिका क्षेत्र में अंत्येष्टि स्थल निर्माण शुरू होते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद मजदूरों को भगा दिया गया। लोगों के विरोध को देखते हुए निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि अब किसी अन्य जगह पर अंत्येष्टि स्थल का निर्माण किया जाएगा।
बुधवार को नगर पालिका के वार्ड संख्या 12 में अंत्येष्टि स्थल का प्रस्तावित निर्माण कार्य शुरू किया गया। काम शुरू होने की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली तो दोपहर 12 बजे तक मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हंगामे के बीच काम रोक दिया गया।
भाजपा नेता ओपी सिंह ने बताया कि मुसाफिरखाना रोड पर आबादी के बीच में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण किया जा रहा था, जिसका मौके पर विरोध किया गया। अंत्येष्टि स्थल का निर्माण लोगों के घर के बगल किया जा रहा था, जबकि नगर पालिका क्षेत्र में अन्य कई जगहें खाली हैं जो कि आबादी से दूर हैं। मौके पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक सिंह पचेहरी ने लोगों को शांत कराया। कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि निर्माण कार्य आबादी के बीच में हो रहा है। इस मौके पर दिनेश मौर्या, राम तीरथ, शिव बहादुर, शिव नरायन, रामयश लोधी आदि मौजूद रहे।