गौरीगंज (अमेठी)। गरीब कल्याण मेले में सांगीपुर ब्लॉक में हुए बवाल के बाद बिना जांच विधानमंडल दल नेता तथा विधायक पर दर्ज फर्जी केस के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेसी प्रदर्शन पर उतर आए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाल नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच व दर्ज फर्जी केस वापस कराने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने की दशा में वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।
25 सितंबर को सांगीपुर ब्लॉक परिसर में आयोजित गरीब कल्याण मेले के दौरान प्रतापगढ़ सांसद संगमलाल व कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के समर्थकों के बीच बवाल हो गया था। बवाल के बाद सांसद की तहरीर पर पुलिस ने प्रमोद तिवारी व उनकी पुत्री कांग्रेस की नेता विधान मंडल दल आराधना मिश्रा मोना समेत कई नामजद व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बिना जांच फर्जी केस दर्ज होने की जानकारी के बाद कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर मंगलवार को कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में कार्यालय में बैठक करने के बाद जुलूस की शक्ल में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राकेश कुमार को दिया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कांग्रेस नेताओं पर दर्ज फर्जी केस वापस लेने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं होने तथा दर्ज फर्जी केस वापस नहीं होने की दशा में वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस मौके पर पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र, मो. नईम, शत्रुघ्न सिंह, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, अनिल सिंह, डॉ. योगेंद्र मिश्र, अशोक हिटलर, अनुज त्रिपाठी, सौरभ मिश्र व अवनीश मिश्र सेनानी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।