अमेठी डीएम कलेक्ट्रेट में जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए।- स्रोत : आयोजक
अमेठी सिटी। कलेक्ट्रेट में युवा कांग्रेसियों ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मामले को लेकर भूख हड़ताल और बेमियादी अनशन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन को लेकर डबल इंजन की सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं जल निगम और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण गांव की सड़कें खराब हो रही हैं।अब तक इस योजना से पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिर्फ जनता को गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकियाें के पास गांव-गांव जाकर कर इस भ्रष्टाचार के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का भी कार्य करेंगे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल जीवन िमशन को लेकर भूख हड़ताल और बेमियादी अनशन किया जाएगा।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश प्रताप सिंह, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमेठी विजेंद्र सिंह, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष अंशु तिवारी, नितेश कुमार, प्रवक्ता दिवस प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल पासवान आदि मौजूद रहे।