जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक डॉ. शुभम पांडेय। संवाद
अमेठी सिटी। ठंड बढ़ते ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। शनिवार को ओपीडी में सर्दी-जुकाम और बीपी के मरीजों की भीड़ ज्यादा रही। चिकित्सक दवा देने संग सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
ठंडी हवा और गिरते तापमान की वजह से वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। दिन में धूप और रात में बढ़ती ठंड से शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 350 सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज पहुंचे। वहीं उच्च रक्तचाप (बीपी) के 30 से 40 मरीज पहुंचे।
फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि इस समय बच्चे और बुजुर्गों को बुखार की शिकायत ज्यादा हो रही है। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, गले में खराश, खांसी और जुकाम इसके सामान्य लक्षण हैं। ठंड में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्त को प्रवाहित करने के लिए अधिक दबाव पड़ता है। हाई ब्लड प्रेशर के मरीज अपनी दवाएं नियमित रूप से लेते रहें। कहा कि ऊनी कपड़े पहनें।
खासकर सिर और कान ढककर रखें। नियमित रूप से व्यायाम करें। नमक और चीनी का सेवन कम करें। स्वास्थ्यवर्धक आहार में फल, सब्जियां और सूखे मेवे का प्रयोग करें।
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं हैं। मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके संबंध में चिकित्सकों व कर्मियों को निर्देशित किया गया है।