फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

352 दिन बाद हंसते-खेलते स्कूल पहुंचे नौनिहाल

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज(अमेठी)। कोरोना के चलते बंद परिषदीय विद्यालयों में 352 दिन घर रौनक लौटी। सोमवार को मास्क लगाकर खिलखिलाते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे। उनका फूलमाला व टीका से स्वागत किया गया। हाथ सैनिटाइज करके बच्चे अपनी कक्षा में पहुंचे। हालांकि कुछ स्कूलों में बच्चे बिना मास्क लगाए भी स्कूल पहुंचे।
विज्ञापन

जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1140 प्राथमिक स्कूल, 196 कंपोजिट स्कूल, 390 वित्त विहीन मान्यता प्राप्त स्कूल के अलावा पांच मदरसा व एक संस्कृत विद्यालय (कुल 1732) हैं। इन स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में 131296 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
कोरोना के चलते यह स्कूल गत वर्ष 14 मार्च से बंद थे। शासन के निर्देश पर सोमवार से इन स्कूलों में पढ़ाई शुरू कराई गई। पहले दिन कक्षा एक व पांच के बच्चों को बुलाया गया था, लेकिन कई स्कूल में दूसरी कक्षाओं के विद्यार्थी भी पहुंच गए।
विज्ञापन

परिवार व घर की बंदिश में रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चे अपने सहपाठियों से मिले तो उनके चेहरे खिल गए। स्कूल गेट पर शिक्षकों ने बच्चों का हाथ सैनिटाइज करने के बाद उन्हें चंदन लगाकर मास्क के साथ प्रवेश दिया। प्रवेश के बाद शिक्षकों ने सोशल डिस्टेंसिंग के तहत बच्चों को क्लासरूम में बैठाते हुए शिक्षण कार्य किया।
शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ कोरोना से बचाव की जानकारी दी। पहले दिन बच्चों को होमवर्क देने के साथ खेलकूद का मौका भी दिया गया। इतना ही नहीं मध्यान्ह भोजन के तहत बच्चों को उनकी पंसद का भोजन दिया गया। स्कूल की व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए बीएसए विनोद कुमार मिश्र व सभी बीईओ पूरे दिन स्कूलों का भ्रमण करते रहे।
पढ़ाई के साथ सहपाठियों से मुलाकात
शहर स्थित मॉडल प्राथमिक स्कूल पचेहरी में कक्षा पांच के विद्यार्थी काजल यादव, बबिता यादव, ऋषभ उपाध्याय, मो. जुनैद व श्वेता ने बताया कि ऑनलाइन विधि से कोर्स पूरा करने में परेशान हो रही थी। स्कूल में पढ़ाई के साथ सहपाठियों से मिलकर अच्छा लगा। बच्चों ने बताया कि पढ़ाई के साथ खेलने का भी मौका मिला।
आज आएंगे दो व चार के विद्यार्थी
सभी कक्षा के विद्यार्थी प्रतिदिन स्कूल नहीं बुलाए जाएंगे। कक्षा एक व पांच की कक्षाएं सोमवार व गुरुवार, कक्षा दो व चार की कक्षाएं मंगलवार व शुक्रवार तो कक्षा तीन की कक्षाएं बुधवार व शनिवार को संचालित होंगी। कक्षाओं में 50 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति रखी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें