अमेठी। जिले में बाल श्रम रोकने के लिए अभियान के दौरान एएचटीयू थाना व श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर काम कर रहे 17 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
एएचटीयू थाने के प्रभारी मिथिलेश सिंह, बाल श्रम अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशिकला की टीम ने मुंशीगंज व अमेठी क्षेत्र में बाल भिक्षावृत्ति, ढाबा, होटल, रेलवे व बस स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अमेठी के बारामासी बाजार में स्थित सर्वोत्तम ऑटो सर्विस सेंटर से दो बाल श्रमिक, विराज ऑटो सेल्स से एक, चंदन हेयर ड्रेसर से एक तथा अमेठी कस्बे में राजू हीरो हांडा सर्विस सेंटर से दो, मधुर मिलन स्वीट्स से एक, गुड्डू ऑटो सर्विस से दो, गुप्ता जी स्पेशल छोला भटूरा से एक, कल्पतरू रेस्टोरेंट से दो, नरेंद्र होटल से एक, सगरा तिराहा स्थित एक निर्माणाधीन मकान से एक तथा मुंशीगंज कस्बे में रेस्टोरेंट से एक, सब्जी की दुकान से एक तथा शिवम धुलाई सेंटर से एक बच्चे को मुक्त कराया। टीम ने सभी बाल श्रमिकों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द करते हुए उनकी शिक्षा एवं पुनर्वास के लिए जागरूक किया।