अमेठी। पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति व सपा विधायक महराजी प्रजापति के भतीजे समेत अन्य चार लोगों के विरुद्ध पुलिस ने जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पूर्व मंत्री के भतीजे की पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। उक्त मामला आवास विकास कॉलोनी मजरे महमूदपुर स्थित सपा विधायक के कार्यालय के बगल नपत के समय का बताया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी मजरे महमूदपुर निवासी आनंद तिवारी ने कोतवाली में तहरीर देकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के भतीजे अरुण प्रजापति समेत चार लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। कहा है कि 26 मार्च को दिन में करीब दो बजे लेखपाल द्वारा फोन करके उन्हें बुलाया गया कि तालाब गाटा संख्या 1020, नाली गाटा संख्या 1076 व चक मार्ग गाटा संख्या 1073 की पैमाइश की जानी है। आरोप है कि वह खनन डाक बंगला रोड स्थित तालाब के समीप बाइक से पहुंचे और लेखपाल का इंतजार कर रहे थे।
इसी बीच सपा विधायक महराजी प्रजापति के जनसंपर्क कार्यालय से उनके भतीजे अरुण प्रजापति अपने चार अन्य कार्यकर्ताओं के साथ डंडा, ईंट, पत्थर एवं अरुण प्रजापति हाथ में पिस्टल लेकर गाली देते हुए निकले। धमकी देते हुए दौड़ा लिया और पिस्टल से फायर कर दिया। घटना में वह बाल-बाल बच गए। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे अरुण प्रजापति और अन्य चार कार्यकर्ताओं के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत शुक्ल ने बताया कि केस दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
राजनैतिक द्वेष में फर्जी मुकदमा : अरुण
पूर्व मंत्री के भतीजे अरुण प्रजापति ने कहा कि मेरे परिवार और मुझको फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। कहा कि उनके नाम से कोई पिस्टल नहीं है। घटना का जो समय बताया गया है उस समय पर वे यहां मौजूद नहीं थे। बताया कि लखनऊ से गांव होते हुए जब कार्यालय पर पहुंचे तो पता लगा कि आनंद तिवारी यहां आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएलसी चुनाव के मद्देनजर मंत्री के बेटे अनिल प्रजापति पर भी फर्जी केस दर्ज कराया गया है। उनके बाद वे ही मतदाताओं से जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी को लेकर मुझे भी फंसा दिया गया। कहा कि विधानसभा चुनाव हारने के बाद तथा अब एमएलसी चुनाव में हारने के डर से विरोधी मंत्री के पूरे परिवार पर फर्जी केस दर्ज कराकर उन्हें डराने का काम कर रहे हैं। अरुण ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग एसपी दिनेश सिंह ने की है।