अमेठी सिटी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को पहली पाली की परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर मिश्रित भाव नजर आए। कई परीक्षार्थियों ने जहां सामान्य ज्ञान और विज्ञान के प्रश्नों को आसा
न बताया, वहीं समसामयिक घटनाओं से जुड़े सवालों ने उन्हें उलझाया। परीक्षा के बाद केंद्रों पर प्रश्नों के उत्तरों को लेकर चर्चा तेज रही।
गौरीगंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र का स्तर मिला-जुला बताया। अधिकांश के अनुसार पेपर न ज्यादा कठिन था और न ही बहुत आसान, लेकिन करेंट अफेयर्स के सवाल अपेक्षाकृत कठिन रहे।
हलियापुर निवासी लक्ष्मी ने बताया कि पेपर संतुलित था, लेकिन समसामयिक घटनाओं के प्रश्नों ने थोड़ी परेशानी बढ़ाई। सुल्तानपुर निवासी बद्री तिवारी ने पेपर को आसान बताते हुए अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
बल्दीराय निवासी चंद्रभान तिवारी ने सामान्य ज्ञान और राजनीति के प्रश्नों को सरल बताया। सुल्तानपुर की आरती ने सामान्य विज्ञान के प्रश्नों को समझने में आसान बताया, जिससे उन्हें राहत मिली। वहीं सरेसर निवासी अमन कुमार ने कहा कि समसामयिक घटनाओं से जुड़े सवालों को हल करने में कठिनाई हुई, जिसका कारण उन्होंने तैयारी को बताया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी एक-दूसरे से सवालों पर चर्चा करते और सही उत्तरों की पुष्टि करते नजर आए। कुल मिलाकर परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया मिश्रित रही।