अमेठी सिटी। प्रयागराज महाकुंभ जाने की इच्छा को लेकर बृहस्पतिवार को गौरीगंज सहित जिले में अलग-अलग स्टेशन पहुंचे श्रद्धालुओं को पूरे दिन इंतजार करना पड़ा। सुबह नौ बजे गौरीगंज आने वाले प्रयागराज पैसेंजर शाम तक रेलवे स्टेशन नहीं पहुंची। पूरे दिन स्टेशन पहुंचे श्रद्धालु ट्रेन की स्थिति की जानकारी करते रहे।
मौनी अमावस्या पर भीड़ व परिवहन का प्रबंध नहीं होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बुधवार को प्रयागराज संगम नहीं जा पाए। बृहस्पतिवार को मन में आस्था लिए लखनऊ-प्रयागराज संगम के बीच संचालित ट्रेन से महाकुंभ में दर्शन व स्नान के लिए निकले बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौरीगंज, बनी, कासिमपुर, तालाखुजरी, अमेठी, मिसरौली व सहजीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन स्टेशन पहुंचे तो ट्रेन की सही जानकारी नहीं मिल सकी।
गौरीगंज स्टेशन पर मौजूद बुजुर्ग शकुंतला देवी ने आरपीएफ कर्मी को देख कर कहा कि भैया संगम जाना है, ट्रेन कब आएगी। कर्मी ने बताया कि अम्मा अभी ट्रेन लखनऊ से नहीं चली है, कब आएगी पता नहीं। इसी तरह प्लेटफार्म पर मौजूद अन्य यात्री भी प्रयागराज संगम जाने के लिए पूरे दिन ट्रेन की प्रतीक्षा करते रहे।
बीच-बीच में स्टेशन मास्टर के पास जाकर भी ट्रेन के आने की जानकारी लेते रहे। यात्रियों को देर शाम तक ट्रेन की अधिकृत जानकारी नहीं हो पाई। लेकिन इसके बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अप ट्रैक के विलंब से संचालित होने के कारण डाउन पैसेंजर ट्रेन लेट है। लखनऊ से ट्रेन के रवाना होने के बाद ही आगमन समय की जानकारी हो पाएगी।