भादर। पीपरपुर के दहियावां बीघापुर गांव निवासी कुलदीप (24) का शव बुधवार रात अयोध्या-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर प्रतापगढ़ के कोहंडौर बाजार स्थित कांधरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला। परिजनों ने हत्या कर शव रेल ट्रैक पर फेंकने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
कुलदीप की मां मीना देवी ने बताया कि बुधवार को परिवार का एक युवक उनके बेटे को बाइक से अपने साथ ले गया था। देर शाम तक कुलदीप घर नहीं लौटा तो उन्होंने फोन किया, मगर उसका मोबाइल बंद मिला। साथ गए युवक से पूछताछ की गई तो उसने रात में स्कूल के पास कुलदीप को छोड़ने की बात कही।
मीना देवी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह जानकारी मिली कि उनके बेटे का शव प्रतापगढ़ के कोहंडौर बाजार स्थित कांधरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रेल ट्रैक पर पड़ा मिला है। उन्होंने आशंका जताई कि बेटे की हत्या करने के बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए शव रेल ट्रैक पर फेंका गया है। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। घटना प्रतापगढ़ में हुई है, इसलिए जांच और कार्रवाई वहीं की जाएगी। स्थानीय स्तर पर परिजनों को किसी तरह की मदद की जरूरत होगी तो उपलब्ध कराई जाएगी।