अमेठी सिटी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है। 14 अगस्त से 29 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे कर मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे।
वर्तमान में 36 जिला पंचायत वार्ड और 865 क्षेत्र पंचायत वार्ड निर्धारित हैं। इन वार्डों में कुल 3,02,764 परिवार निवास करते हैं जिनकी अनुमानित जनसंख्या 17,92,185 है। वार्डों का निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर किया गया था।
अमेठी में 50, गौरीगंज में 58, मुसाफिरखाना में 56, तिलोई में 59, जगदीशपुर में 71, बाजारशुकुल में 54, भेटुआ में 47, भादर में 53, संग्रामपुर में 37, शाहगढ़ में 39, जामो में 66, सिंहपुर में 58 और बहादुरपुर में 34 पंचायतें शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली जनवरी 2025 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले सभी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया के लिए आमजन स्वयं भी आवेदन कर सकेंगे।
बीएलओ ऑफलाइन फार्म एकत्र करेंगे जिन्हें ऑनलाइन फीड किया जाएगा। 23 से 29 सितंबर के बीच प्राप्त आवेदनों की फील्ड जांच होगी। उसके बाद 30 सितंबर से 6 अक्तूबर के बीच हस्तलिखित मसौदा संबंधित कार्यालयों में जमा होगा।
कंप्यूटर आधारित प्रविष्टियों का काम 24 नवंबर तक पूरा किया जाएगा और संशोधित मतदाता सूची 15 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया तय समय में पूरी की जाएगी। इस दौरान सार्वजनिक अवकाश के दिन भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे ताकि किसी को असुविधा न हो।