अमेठी तहसील सभागार में मौजूद अधिवक्ता। स्त्रोत : संगठन
अमेठी। बार एसोसिएशन सभागार अमेठी में मंगलवार को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक हुई। इसमें अधिवक्ताओं की उपस्थिति अधिक होने के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। कार्यक्रम की शुरुआत बार कार्यालय में पूजा-अर्चना से हुई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पहली बार कार्यालय खुला, जहां अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
बैठक में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर की कमजोर व्यवस्था को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि परिसर में सफाई नियमित रूप से नहीं हो पाती, जिससे परेशानी होती है। फरियादियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था भी नहीं है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग तहसील पहुंचते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें दिक्कतें होती हैं। अधिवक्ताओं ने एकमत होकर परिसर की सभी व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग रखी।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने भरोसा दिलाया कि हर समस्या को प्राथमिकता पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर की स्थिति सुधारने के लिए प्रशासन से बातचीत शीघ्र शुरू की जाएगी। उनकी मंशा है कि अधिवक्ताओं के कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और फरियादी बिना परेशानी न्याय संबंधी सेवाएं प्राप्त कर सकें। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। हर मुद्दे पर ठोस रूप में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि तहसील परिसर को व्यवस्थित बनाना संगठन की जिम्मेदारी है, जिसे पूरा करने के लिए सभी एकजुट रहेंगे।