अमेठी। कोतवाली से चंद कदम पर स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पास शनिवार दोपहर एक युवक को घायल कर बदमाशों ने उसका मोबाइल व बैग लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को सीएचसी ले जाकर इलाज कराया। युवक बिना केस दर्ज कराए लौट गया।
किसी काम से अमेठी आए नोएडा डेल्टा वन निवासी दीपक शनिवार दोपहर वापस जाने के लिए रोडवेज बस अड्डा पहुंचे थे। मोबाइल फोन पर बात करने के दौरान उसे तीन लोगों ने घेर लिया। दीपक के मुताबिक जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों किसी भारी चीज से सिर पर हमला कर दिया।
दीपक घायल होकर गिर गया और बदमाश उनका बैग व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मी दीपक को लहूलुहान अवस्था में सीएचसी ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बड़े अस्पताल जाने की सलाह दी।
दीपक ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब पांच हजार रुपये व कुछ कागजात थे। हालांकि उसने तहरीर देने से इंकार किया। करीब डेढ़ घंटे बाद दीपक लखनऊ जाने वाली ट्रेन से घर के लिए निकल गया।