भादर क्षेत्र से गुजरने वाले अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को लगा जाम।-स्थानीय नागरिक
भादर (अमेठी)। जिले से गुजरने वाले अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से पूरा हाईवे घंटों जाम रहा। इस दौरान वाहनों में फंसे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठाना पड़ी। हाईवे पर जाम विकट होती समस्या की जानकारी के बाद डीएम व एसपी को खुद मौके पर पहुंच कमान संभालनी पड़ी। बमुश्किल रूट डायवर्जन कर वाहनों को परिवर्तित मार्ग से निकाल कर स्थिति को बिगड़ने से बचाया गया।
महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए दूसरे प्रांतों व शहरों से आने वाले अधिकांश श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भी रवाना हो रहे हैं। इन श्रद्धालुओं के वाहनों के काफिले के कारण ही शनिवार को अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दोपहर से जाम लग गया। पड़ोसी जिले सुल्तानपुर के पयागीपुर में रास्ते में फंसे वाहनों का असर दोपहर बाद जिले में भी दिखने लगा। इसके चलते पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या- प्रयागराज हाईवे पर स्थित दुर्गापुर व रामगंज थानाक्षेत्र के रामगंज संग दुर्गापुर चौराहे से कुरंग व मंगापुर में वाहनों के एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में भीषण जाम लग गया। ऐसे में प्रयागराज व अयोध्या जाने वाले वाहन हाईवे पर रुक-रुक कर रेंगते नजर आए। वाहनों में सवार लोग जाम से परेशान नजर आए।
पसीना बहाने के बाद भी हाईवे पर लगे जाम को समाप्त करवाने में पुलिस टीम नाकाम साबित होती दिखी। इसकी जानकारी के बाद डीएम निशा अनंत व एसपी अपर्णा रजत कौशिक को स्वयं दुर्गापुर व रामगंज कस्बा पहुंच कर जाम खत्म करवाने की कवायद में जुटना पड़ा। मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था प्रभावी कर जाम में फंसे वाहनों को किसी तरह आगे गंतव्य की तरफ भेजा गया। इस दौरान अयोध्या जाने वाले वाहनों को लंभुआ मार्ग से जबकि प्रयागराज की तरफ जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर सीधे हाईवे से गुजारा गया। इसके बाद ही जाम की परेशानी से छुटकारा मिल सका।
प्रयागराज संगम से वाहनों संग निकले श्रद्धालुओं का काफिला अधिक होने व पड़ोसी जिले सुल्तानपुर में लगे जाम के कारण जिले से गुजरने वाले हाइवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी थी। ऐसे में वाहनों को परिवर्तित मार्ग से रवाना कर जाम की समस्या को खत्म करवाया गया।
आशीष सिंह, एसडीएम