गोमती नदी पर चार पीपा पुलों पर आवागमन अगले सप्ताह शुरू होने की उम्मीद है। दंडेश्वरनाथ धाम, नांदी, पनही और पिछूती में निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इन पुलों के शुरू होने से नदी पार बसे खासकर अयोध्या व बाराबंकी के गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें नदी पार बसे गांवों तक जाने के लिए 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
बरसात में गोमती का जलस्तर बढ़ने पर जून में अस्थायी पुलों को हटा दिया गया था। अब पानी घटने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इनके पुनः संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। 1.49 करोड़ की लागत से बन रहे ये चारों पुल अमेठी से अयोध्या, बाराबंकी और सुल्तानपुर की राह आसान करेंगे।
पुल बनने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। जहां अभी लोगों को 15 से 20 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है, वहीं पुल चालू होने के बाद यह दूरी घटकर महज एक से दो किलोमीटर रह जाएगी। पुलों पर आवागमन शुरू होने से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। किसान आसानी से उपज खेतों से घर तक ला सकेंगे। ग्रामीण पड़ोसी जिले की बाजारों में कारोबार कर सकेंगे।
पिछूती पुल
जगदीशपुर ब्लॉक में पिछूती-मटियारीकला मार्ग पर बने इस पुल से फत्तेपुर, शिकरी, कुंडवा, घुढ़वल, रसूलपुर लिलहा, देवगांव और बाकरगंज गांव सीधे जुड़ जाएंगे। अभी इन गांवों के लोगों को नदी के दूसरी ओर बसे अमेठी जिले के ही कचनाव, थौरी, प्रेमगढ़ और निहालपुर पहुंचने के लिए लगभग 18 किलोमीटर घूमना पड़ता है। अब यह दूरी से एक से दो किलोमीटर रह जाएगी।
दंडेश्वरनाथ धाम पुल
मुसाफिरखाना के दंडेश्वरनाथ धाम पर बन रहे पुल से दूसरे छोर पर सुल्तानपुर की ओर पिपरी, कांकरकोला, गौरापरानी, उमरा, कुंवासी और अमेठी की ओर कोछित, पूरबगांव, गाजनपुर जैसे गांव लाभान्वित होंगे। अभी यहां के लोगों को 12 से 18 किलोमीटर घूमना पड़ता है। अब पुल से यह दूरी बहुत कम रह जाएगी।
पनही पुल
बाजारशुकुल के पनही मार्ग पर बन रहा पुल बाराबंकी के मांझगांव, पहाड़पुर, सुबेहा, कैथी और शेवरा गांवों को सीधा अमेठी से जोड़ेगा। अब 15 से 20 किलोमीटर घूमने की जरूरत नहीं रहेगी। पुल से व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
नांदी पुल
बाजारशुकुल के नांदी पुल से अयोध्या की ओर कसारी, बरवारी और अमेठी की ओर बदलगढ़, जौदिलमऊ, शेखपुर, फुनदनपुर व पारा के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों को 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा।
एक सप्ताह में शुरू होगा आवागमन
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अवर अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि शासन ने 18 सितंबर को पुल निर्माण के लिए स्वीकृति दी थी। सभी पुल मानक के अनुरूप बनाए जा रहे हैं। अगले सप्ताह तक चारों पुलों पर आवागमन शुरू हो जाएगा।