अमेठी सिटी। अमेठी इलाके में ननिहाल में रह रहे एक नाबालिग को उसी के हमउम्र साथी ने विवाद होने पर डंडे से वार कर जख्मी कर दिया। जख्मी नाबालिग की जिला अस्पताल में मौत हो गई। दोनों गांव के बाहर मवेशी चराने गए थे। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को सुरक्षा में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के गुंवावा गांव निवासी आयुष कनौजिया (13) पुत्र स्व. अजय कनौजिया अपने ननिहाल अमेठी थाना क्षेत्र के पूरे सुक्खा तिवारी मजरे नरैनी गांव में नाना रामसमुझ के यहां रहता था। इसी गांव के एक हमउम्र नाबालिग भी साथ में था। मंगलवार शाम आयुष अपने इसी दोस्त के साथ गांव के बाहर मवेशी चरा रहा था।
इन दोनों के बीच खेल-खेल में किसी बात पर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद होने पर दोनों में हाथापाई हो गई। इसके बाद नाबालिग ने तैश में आकर आयुष के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जानकारी होने के बाद परिजन फौरन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हमलावर करने वाले नाबालिग को सुरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अमर सिंह का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।