मुसाफिरखाना (अमेठी)। सुल्तानपुर-उतरेटिया रेलखंड पर शुक्रवार सुबह चकबहेर गांव के पास अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि ग्रामीणों ने उसे मनोरोगी बताया है। मौके पर पहुंची भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुबह लगभग 11 बजे ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिस पर थाना प्रभारी तनुज पाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक रौजा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन चालक ने युवक को ट्रैक पर देख लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन वह ट्रैक से नहीं हटा। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक मनोरोगी था और उसे खतरे का आभास नहीं हुआ। थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।