गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग को मिली रिपोर्ट में 97 संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलते ही स्वास्थ्य टीमों को संक्रमितों के घर रवाना कर दिया गया।
कोरोना के संभावित लक्षण वाले मरीजों के भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट शनिवार शाम स्वास्थ्य विभाग को मिली। रिपोर्ट के अनुसार लगातार दो दिनों से गौरीगंज ब्लॉक क्षेत्र कोरोना हाट स्पॉट बनता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को जहां 25 लोग पॉजिटिव मिले थे वहीं शनिवार की रिपोर्ट में इनकी संख्या बढ़कर 38 हो गई। शनिवार को मिले संक्रमितों में से 34 संक्रमितों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं।
कई में मामूली लक्षण मिले हैं तो कई बिना लक्षण वाले भी हैं। स्वास्थ्य विभाग को मिली रिपोर्ट के अनुसार तिलोई ब्लॉक क्षेत्र में तीन, भादर में चार, गौरीगंज में 38, अमेठी में 16, मुसाफिरखाना में छह, जामो में पांच, बाजार शुकुल में दो, जगदीशपुर में 14, सिंहपुर में दो तो अन्य सात लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट मिलते ही संबंधित सीएचसी को उसकी प्रति भेज दी गई। सीएचसी अधीक्षकों की ओर से तत्काल ब्लॉक क्षेत्र की रैपिड रिस्पांस टीमों को संक्रमितों के घर के लिए रवाना कर दिया गया। टीम ने संक्रमितों के घर पहुंचकर उनके पॉजिटिव होने की जानकारी देते हुए उन्हें होम आइसोलेट कराकर कोरोना किट सौंपे। संक्रमित के परिवारीजनों को दवा खाने का तरीका तथा सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। हर रोज बड़ी संख्या में मिल रहे संक्रमितों से स्वास्थ्य महकमा व जिला प्रशासन हैरान है।