जायस (अमेठी)। नगर पालिका जायस के लोगों को स्वच्छ जल मुहैया कराने के लिए 1963 में निर्मित पानी की टंकी जर्जर अवस्था में पहुंच गई है। टंकी की सीढ़ी टूटने के कारण इसकी वर्षों से सफाई नहीं की जा रही। इसके चलते आठ वार्ड के कई हजार लोगों को निरंतर दूषित जल की आपूर्ति की जा रही है।
जायस नगर पालिका में मोहल्ला जेर मस्जिद में नगर वासियों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए सन 1963 में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। वर्तमान समय में इस टंकी से नगर के आठ वार्डों को पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। टंकी दशकों पुरानी होने की वजह से जीर्ण शीर्ण अवस्था में पहुंच गई है। टंकी से लगातार पानी बहता रहता है।
टंकी को साफ करने के लिए ऊपर पहुंचने के लिए बनाई गई सीढ़ी पूरी तरह से टूट गई है। इसके कारण अरसा पूर्व से टंकी की सफाई नहीं की जा सकी है, न ही कीटनाशक दवा डाली जा सकी है। जिसके फलस्वरूप नगरवासी दूषित पानी पी कर बीमार हो रहे हैं। टंकी की हालत इतनी खराब है कि उसे आधा भरकर ही जलापूर्ति की जा रही है। जिससे कि तनाव कम होने के कारण लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत दर्ज कराई गई। लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया है।
इस मामले में सभासद प्रतिनिधि मो. शाकिब ने कहा कि बोर्ड की बैठक में टंकी की मरम्मत या नई टंकी के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन उसे अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी। इस संबंध में अधिशाषी अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि नई टंकी के निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा।