अमेठी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत बोर्ड परीक्षा की तैयारी जिले में तेज हो गई है। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा की शुचिता कायम रखने के लिए दो केंद्रों का निर्धारण करने के साथ ही विभाग स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डर लगवाने में जुटा है। केंद्र व्यवस्थापकों को आवंटित परीक्षार्थी की संख्या के अनुसार फर्नीचर व अन्य सुविधाएं दुरुस्त कर रिपोर्ट देेने को कहा गया है।
जनपद में संचालित संस्कृत बोर्ड के नौ स्कूलों में अध्ययनरत 817 विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा जिले में 19 मार्च से शुरू होगी। सचिव माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से समय सारिणी जारी होने के बाद माध्यमिक विभाग तैयारी में जुट गया है।
परीक्षा सकुशल हो सके इसके लिए विभाग ने श्री नागेश्वरनाथ संस्कृत माध्यमिक स्कूल व श्रीमत परमहंस संस्कृत माध्यमिक स्कूल को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया है।
केंद्र निर्धारण के बाद डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने दोनों स्कूलों के केंद्र व्यवस्थापक को पत्र जारी कर सभी शिक्षण कक्षों की दोनों दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डर लगवाते हुए आवंटित परीक्षार्थी की संख्या के अनुसार फर्नीचर, पेयजल, प्रसाधन व अन्य सुविधाओं के साथ कक्ष निरीक्षकों की तैनाती करते हुए रिपोर्ट देने को कहा है।
डीआईओएस ने स्कूल में परीक्षा की शुुचिता प्रभावित होने तथा सुविधाओं में कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। संस्कृत बोर्ड परीक्षा प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि श्रीमत परमहंस संस्कृत स्कूल में संस्था के साथ ही गौरीशंकर संस्कृत माध्यमिक स्कूल सिंगठी व देवीपाटन संस्कृत माध्यमिक स्कूल के बच्चे परीक्षा देंगे।
इसी तरह श्री नागेश्वरनाथ संस्कृत माध्यमिक स्कूल में संस्था के बच्चों के साथ गिरिजा शंभू संस्कृत विद्यालय कटारी, आदर्श शिव बहादुर संस्कृत विद्यालय अहोरवा भवानी, रामजानकी संस्कृत माध्यमिक स्कूल शुकुल बाजार, स्वामी ब्रह्मानंद संस्कृत माध्यमिक स्कूल कस्थुनी पूरब व पंचशील संस्कृत माध्यमिक स्कूल कौहार के बच्चों की परीक्षा होगी।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि संस्कृत बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने की तैयारी चल रही है। परीक्षा की निगरानी मॉनीटरिंग सेल से करने के साथ ही केंद्र पर पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने पर कार्रवाई की जाएगी।