अमेठी। सैनिक स्कूल में कक्षा छह तथा नौ में प्रवेश के लिए रविवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से क्षेत्र स्थित दो विद्यालयों में परीक्षा आयोजित कराई गई। पंजीकृत 591 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 63 बच्चों ने प्रवेश परीक्षा छोड़ दी। प्रवेश परीक्षा के दौरान कोविड-19 के लिए शासन से जारी गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराया गया।
कौहार में संचालित सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए रविवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से प्रवेश परीक्षा का आयोजन शहर स्थित सेपियन स्कूल और सरयू देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कराया गया। सैनिक स्कूल में कक्षा छह में प्रवेश के लिए 480 बच्चे तो कक्षा नौ के लिए 111 बच्चे पंजीकृत थे। कस्बा स्थित सरजू देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा छह के पंजीकृत 240 परीक्षार्थियों के परीक्षा की व्यवस्था की गई थी।
सेपियन स्कूल में कक्षा छह के शेष बचे 240 और नौ के सभी 111 परीक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित कराई गई। इस दौरान कक्षा छह में पंजीकृत कुल 480 के सापेक्ष 50 बच्चे तो कक्षा नौ में पंजीकृत 111 बच्चों के सापेक्ष 13 बच्चों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। इस तरह कुल 63 ने परीक्षा में भाग नहीं लिया।
प्रवेश परीक्षा सिटी कोआर्डिनेटर देवमणि उपाध्याय, एनटीए पर्यवेक्षक डॉ. धनंजय सिंह एवं डॉ. संतोष कुमार सिंह की देखरेख में परीक्षा संपन्न हुई। पर्यवेक्षक ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कोरोना गाइड लाइन का पालन कराते हुए सभी परीक्षार्थियों के लिए मास्क उपलब्ध कराने के साथ उनकी थर्मल स्क्रीनिंग आदि करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। कहा कि एक कमरे में सिर्फ 24 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था कराई गई थी।