अमेठी। कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर 22 मार्च से बंद हुआ यात्री ट्रेनों का संचालन रविवार से शुरू हुआ। रेलवे की ओर से जारी निर्देश के बाद रविवार को पहली नियमित व नई यात्री ट्रेन लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक से होकर गुजरी। 175 दिन बाद संचालित नियमित ट्रेन में जिले के दो रेलवे स्टेशनों से 56 यात्री आरक्षित टिकट पर गंतव्य के लिए रवाना हुए।
कोविड काल से पूर्व लखनऊ-वाराणसी/लखनऊ-प्रयागराज (वाया प्रतापगढ़) रेल ट्रैक पर कुल 29 जोड़ी यात्री ट्रेनों का संचालन होता था। कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी ट्रेनों का संचालन 22 मार्च से बंद कर दिया गया था।
बीच में लॉकडाउन की वजह से कुछ स्पेशल ट्रेनें तो चलाई गईं लेकिन नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन बहाल नहीं किया गया। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद भी रेलवे यात्री ट्रेनों का संचालन नहीं कर रहा था। केंद्र सरकार ने रेलवे को 12 सितंबर से लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर एक नियमित नई ट्रेन संचालित करने का निर्देश दिया था।
इस पर 12 सितंबर को धनबाद से रवाना हुई अप धनबाद-फिरोजाबाद स्पेशल ट्रेन रविवार को पहले अमेठी व बाद में गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर रुकी। 175 दिन बाद दोनों स्टेशन पर रुकने वाली नियमित ट्रेन में अमेठी से 36 तो गौरीगंज से 20 लोग आरक्षित टिकट पर गंतव्य के लिए रवाना हुए। दोनों रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में यात्रा शुरू करने व उतरने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
गौरीगंज स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार व अमेठी स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद शहबाज मुजफ्फर ने बताया कि डाउन ट्रेन मंगलवार को गौरीगंज व अमेठी स्टेशन पर ठहराव के साथ प्रतापगढ़, वाराणसी होते हुए धनबाद जाएगी। ट्रेन का संचालन शुरू होने से यात्रियों को लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ व वाराणसी की यात्रा करने में सहूलियत होगी।
लखनऊ-वाराणसी/लखनऊ-प्रयागराज (वाया प्रतापगढ़) ट्रैक पर संचालित 29 जोड़ी ट्रेनों के बंद पड़े होने से लोगों को खासी दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोगों ने बंद पड़ीं इन ट्रेनों का संचालन तत्काल शुरू कराने की मांग की है।