गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन के चुनावी महायज्ञ में जीवन के सौ वर्ष पूरा कर चुके 422 बुजुर्ग मतदाता अपने मत की आहुति देंगे। यह ऐसे मतदाता हैं जो लोकतंत्र के पहले महायज्ञ से अब तक लगातार इसमें शामिल रहे हैं। इस चुनाव में 14,919 युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएंगे। चुनाव में प्रतिशत बढ़ाने की कवायद में जुटा जिला प्रशासन बुजुर्गों को बूथों पर विशेष सुविधा तो युवाओं को सेल्फी प्वांइट की मदद से आकर्षित करने की कोशिश में जुटा है।
जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 422 मतदाता ऐसे हैं जिनकी उम्र 100 साल या इससे ऊपर है। यह सभी मतदाता 1952 में हुए लोकतंत्र के पहले महापर्व में शामिल होने से पहले भी चुनावों का हिस्सा रहे हैं। 14,919 युवा मतदाता भी पहली बार मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूूमिका का निर्वहन करेंगे।
इसके अतिरिक्त विधानसभा निर्वाचन में 90 से 99 वर्ष आयु के 2820, 80 से 89 वर्ष आयु वर्ग के 16,303 से 70 से 79 वर्ष आयु वर्ग के 55,807, 60 से 69 वर्ष आयु वर्ग के 1,18,678, 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 2,03,924, 40 से 49 वर्ष आयु वर्ग के 3,25,880, 30 से 39 वर्ष आयु वर्ग के 4,07,210 तो 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 2,80,725 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार सामान्य निर्वाचन में 14,26,688 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयुवार मतदाताओं का डाटा तैयार करने के बाद 27 फरवरी को जिले के 898 मतदान केंद्रों के 1620 बूथों पर विधानसभा निर्वाचन के लिए 85 प्रतिशत मतदान कराने की कवायद तेज हो गई है। (संवाद)
2017 के चुनाव में मतदान प्रतिशत
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 2017 के विधानसभा निर्वाचन में गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में 60.02 प्रतिशत, अमेठी विधानसभा क्षेत्र में 56.41 प्रतिशत, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में 53.61 तथा तिलोई में 57.58 प्रतिशत के साथ जिले में कुल 56.91 फीसदी मतदान ही हुआ था।
चलाए जा रहे कार्यक्रम
मौजूदा चुनाव में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो इसके लिए स्वीप योजना से जन-जागरुकता कार्यक्रम के साथ मतदाताओं को विशेष सुविधा देने की कवायद की जा रही है। महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए जहां पिंक/सखी बूथ बनाए जा रहे हैं वहीं युवाओं को बूथों तक लाने के लिए सेल्फी प्वाइंट का भी निर्माण किया जा रहा है। बुजुर्ग व निशक्त मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा देने के साथ बूथ पर मतदान करने आने पर उन्हें वोटिंग में विशेष सुविध दी जाएगी।
आयु वर्ग के हिसाब से विधानसभा वार मतदाता
विधानसभा क्षेत्र - 18-19 - 20-29 - 30-39 - 40-49 - 50-59
तिलोई - 3551 - 69113 - 107307 - 75429 - 49904
जगदीशपुर - 4913 - 69909 - 105781 - 88188 - 55703
गौरीगंज - 3373 - 66863 - 96461 - 82418 - 50680
अमेठी - 3082 - 74840 - 97661 - 79845 - 47637
...............................................................................................................
योग - 14,919 - 2,80,725 - 407210- 325880 - 203924
...............................................................................................................
विधानसभा क्षेत्र - 60-69 - 70-89 - 80-89 - 90-99 - 100 प्लस
तिलोई - 28,071 - 12,942 - 4077 - 740 - 52
जगदीशपुर - 31,244 - 15,687 - 4818 - 895 - 108
गौरीगंज - 30,582 - 14,516 - 3875 - 631 - 201
अमेठी - 28,781 - 12,662 - 3335 - 554 - 61
..............................................................................................................
योग - 1,18,678 - 55,807 - 16,303 - 2820 - 422
.............................................................................................................
मतदान प्रतिशत बढ़ाना प्राथमिकता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार दुबे ने बताया कि विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। आयोग के निर्देशानुसार बूथों पर विशेष सुविधा की व्यवस्था करने के साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए आयु वर्ग के अनुसार डाटा तैयार किया गया है। चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाते हुए निष्पक्ष मतदान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।