गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 के मरीजों की संख्या जिले में कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार देर रात जिला प्रशासन को मिली जांच रिपोर्ट में मुसाफिरखाना के एक दंपती समेत 33 नए मरीज मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत कार्य करने के लिए संयुक्त टीम गठित कर दी है।
जिला प्रशासन को रविवार देर रात मिली रिपोर्ट में 33 लोगों में कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में संग्रामपुर व बाजार शुकुल ब्लॉक के अलग-अलग गांवों के दो-दो, भेटुआ, अमेठी व गौरीगंज चार-चार, जगदीशपुर ब्लॉक के दस, मुसाफिरखाना के पांच तो जामो व भादर ब्लॉक के एक-एक स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों के मोहल्लों व गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत बचाव कार्य के लिए टीम गठित की है। डीएम के निर्देश पर गठित टीमें सोमवार को संक्रमितों के गांव व मोहल्लों को सील करते हुए सैनिटाइजर छिड़काव, थर्मल स्क्रीनिंग व उनके क्लोज कॉन्टेक्ट में आए लोगों की सूचना संकलित करते हुए संभावित लोगों की सैंपलिंग करने में जुटी रहीं।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1,493 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें से 1,102 उपचार के बाद सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में दस की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 381 मरीज अस्पताल या सुविधा के अनुसार होम आइसोलेट हैं। होम आइसोलेट मरीजों के उपचार व निगरानी का भी प्रबंध किया गया है।