यूपी बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया गया श्री रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज।- संवाद
अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद विद्यालयों की आपत्तियां सामने आने लगी हैं। कहीं विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और चारदीवारी की कमी का हवाला दिया गया है तो कहीं परीक्षार्थियों की संख्या अधिक आवंटित होने पर सवाल उठाए गए हैं। कुछ विद्यालयों ने पर्याप्त छात्र संख्या होने के बावजूद केंद्र नहीं बनाए जाने पर आपत्ति जताई है। मंगलवार को पहले दिन 20 प्रत्यावेदन मिले।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 72 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 45,730 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सोमवार को 72 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र का दर्जा देते हुए सचिव की ओर से अनंतिम सूची जारी की गई। सूची जारी होने के बाद मंगलवार को राजकीय हाईस्कूल चेतरा बुजुर्ग के प्रधानाचार्य धनंजय यादव ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और चारदीवारी की कमी का हवाला देते हुए आपत्ति दर्ज कराई।
राजकीय हाईस्कूल कंजास के प्रधानाचार्य रंजीत चौधरी ने भी विद्यालय में सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। सर्वोदय साइंस कॉलेज के प्रधानाचार्य संतोष यादव ने अधिक परीक्षार्थी आवंटित किए जाने की बात कहते हुए छात्र संख्या कम करने की मांग की। मंगलम इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना के प्रबंधक भोलानाथ तिवारी ने पर्याप्त छात्र संख्या होने के बावजूद विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने विद्यालय को केंद्र बनाने की मांग की। अन्य विद्यालयों ने भी छात्र संख्या, दूरी और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाई हैं।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि बुधवार तक प्रत्यावेदन लिए जाएंगे। इसके बाद जिला स्तरीय टीम से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति के सामने रखी जाएगी। समिति के निर्णय के बाद रिपोर्ट सचिव को भेजी जाएगी। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।