अमेठी के भेटुआ ब्लॉक में आयोजित सामूहिक विवाह में दूल्हन को सिंदूर लगाता दूल्हा।
अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को भेटुआ ब्लॉक के यशोदा देवी इंटर कॉलेज में विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 157 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे लिए, वहीं 24 जोड़ाें ने निकाह कबूल किया। कुल 181 जोड़ों ने वैवाहिक जिंदगी में कदम रखकर जिंदगी की नई शुरूआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन शामिल हुए। जिम्मेदार अफसर भी कार्यक्रम में लगे रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भेटुआ ब्लाॅक परिसर में अमेठी, भादर, भेटुआ और संग्रामपुर के चयनित लाभार्थियों का वैवाहिक कार्यक्रम हुआ। योजना के तहत हिंदू व मुस्लिम 181 जोड़े हिस्सा लेकर विवाह बंधन बंधे। विवाह कार्यक्रम में 157 हिंदू जोड़ों ने विद्वान पंडितों की ओर से कराए गए समस्त संस्कारों को पूरा करते हुए एक-दूसरे के साथ सात फेरे लिए। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक वर्ग के 24 जोड़ों को मौलवी ने निकाह पढ़ाया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, ब्लॉक प्रमुख आकर्षक शुक्ल, सीडीओ सूरज पटेल, एसडीएम अमेठी आशीष कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज शुक्ल सहित अन्य जिम्मेदारों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें विवाह प्रमाणपत्र और उपहार दिए। कार्यक्रम के दौरान लोगों के लिए जलपान व भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
प्रति जोड़े 51 हजार रुपये हुए खर्च
सामूहिक वैवाहिक समारोह के बाद समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी जोड़ों के खाते में 35 हजार रुपये भेजे गए। साथ ही प्रति जोड़े को 10 हजार रुपये का उपहार भी दिया गया। छह हजार रुपये बराती व घराती के स्वागत, जलपान, भोजन सहित आयोजन पर खर्च किए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज शुक्ल ने बताया कि जल्द ही अन्य स्थानों पर वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।