गौरीगंज (अमेठी)। शिक्षक दिवस के मौके पर रविवार को शिक्षा जगत में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित किए जाएंगे। शासन का निर्देश मिलने के बाद माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग उत्कृष्ट कार्य करने वाले 150 शिक्षकों को चयनित करने के साथ कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है।
महान शिक्षाविद् व भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधा कृष्णन की जयंती रविवार को जिले में समारोह पूर्वक मनाएगी जाएगी। कोविड संक्रमण काल में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल करने वालों के साथ शैक्षिक स्तर उत्कृष्ट करते हुए खेल, संस्कृति, साहित्यिक व सामाजिक महत्व के मुद्दों पर बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा निदेशक का पत्र मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग व बेसिक शिक्षा विभाग 75-75 शिक्षकों का चयन करने में जुटा हुआ है। रविवार को कार्यक्रम आयोजित हो सके इसके लिए भी विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा है।
डीआईओएस जयकरनलाल वर्मा व बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि शिक्षकों का चयन किया जा रहा है। चयनित शिक्षकों को आयोजित कार्यक्रम में अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र जनप्रतिनिधियों के हाथों दिलाते हुए सम्मानित कर अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।