अमेठी। डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने के बाद जिले के 12 होनहार नेशनल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। चयन के बाद बेसिक शिक्षा विभाग खिलाड़ियों को प्रतिभाग कराने की तैयारी में जुटा है। आठ फरवरी को तेलंगाना में आयोजित नेशनल खेल प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी टेनिस व वालीबॉल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों को खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जा सके इसके लिए बीएसए ने पांच शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है।
बीते 20 जनवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान की ओर से फुरसतगंज के इंडिया पब्लिक स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिले के 12 मेधावियों ने अपना परचम लहराते हुए नेशनल प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। चयन के बाद प्राचार्य क्रीड़ा संस्थान के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग आगामी आठ फरवरी को बावनपल्ली सिकंदराबाद, तेलंगाना में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के टेनिस व वालीबॉल खेल में बच्चों को प्रतिभाग कराने की तैयारी में जुटा है। चयनित बच्चे तेलंगाना में आयोजित प्रतियोगिता में टेनिस व वालीबॉल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेेंगे।
जिला व्यायाम शिक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित बच्चे उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में रवि कुमार, अमन कुमार प्रथम, अनस कुमार व अमन कुमार द्वितीय तथा अंडर 14 बालिका वर्ग में शिवानी, सिंकी, शिवांशी व सविता तथा अंडर 17 में अनामिका, शिवानी, काजल व ज्ञानवती का चयन हुआ है।
बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि आगामी आठ फरवरी को तेलंगाना में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में बच्चों को प्रतिभाग कराया जा सके इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। बीएसए ने बताया कि व्यायाम शिक्षक संदीप सिंह, गौतमी विक्रम, काजिम हुसैन, मनीष कुमार पांडेय व दिलीप कुमार को बच्चों को प्रतिभाग कराने की जिम्मेदारी दी गई है।