फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर जाने के बजाय खेत में राख हुआ 108 बीघा गेंहू

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। तपती गर्मी के बीच बुधवार को एक बार फिर शार्ट सर्किट व अन्य कारणों से लगी आग ने किसानों को बड़ी चोट पहुंचाई। बुधवार को अलग-अलग कई गांवों में अचानक लगी आग ने 51 किसानों की कड़ी मेहनत से तैयार 108 बीघा गेहूं की फसल को खेत में ही राख कर दिया। कई स्थानों पर सूचना के बावजूद दमकल कर्मी देर से पहुंचे तो कई जगह कड़ी मशक्कत के बाद तब आग पर काबू पाया जा सका जब सब कुछ बर्बाद हो चुका था।
विज्ञापन

आगजनी की घटना में तीन गांवों के लगभग 27 किसानों की करीब 73 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बुधवार दोपहर कोरारी हीरशाह और सेमरा गांव की सीवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना में कोरारी हीर शाह निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह का 16 बीघा, रमेश सिंह, गंगा सिंह का 5-5 बीघा, राम शंकर का चार बीघा, रामराज, गुरुचरण व फूल कला का तीन-तीन बीघा, संग्राम सिंह, रामावती, माता प्रसाद, रंजीत व गिरधारी का 2-2 बीघा गेहूं राख हो गया।
सुरेश सिंह, मंजउका, शिवराम का डेढ़-डेढ़ बीघा, कृष्णानंद, रामबरन, हृदय राम व सावित्री का एक-एक बीघा, छेदीलाल का 12 विस्वा तथा सेमरा गांव निवासी पार्वती और सतीश कुमार की पांच-पांच बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। तहसील क्षेत्र के गांव मठकनैगिर में विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग में किसान देवचंद्र सिंह, अर्जुन विश्वकर्मा, कुलदीप विश्वकर्मा, संकटा प्रसाद विश्वकर्मा व एक अन्य किसान की करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।
विज्ञापन

कोरारी हीरशाह, सेमरा गांव में लगी आग की सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल पहुंच सकी। वहीं मठकनैगिर गांव में आग बुझने के बाद दमकल पहुंची। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार एक साथ कई घटनाएं हुई जिसके चलते दमकल पहुंचने में देरी हुई। तहसील क्षेत्र के कोरारी हीरशाह, सेमरा और मठकनैगिर गांव के करीब 27 किसानों के गेहूं की फसल कटाई मड़ाई के लिए तैयार खड़ी थी।
बुधवार दोपहर लगी आग में एक भी दाना किसानों के घर नहीं जा सका। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि क्षति आंकलन रिपोर्ट तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री खेत खलियान अग्निकांड योजना के तहत पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
रामराजपुर मजरे कपूरपुर व राजीव गांधी पालीटेक्टिनक के पास सीवान में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। करीब दस बीघा किसानों की तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान शंभू, राजाराम व रामसुमेर के साथ कई अन्य किसानों को आग से नुकसान हुआ है। एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित किसानों को सरकार की ओर से अनुमन्य सहायता जल्द दी जाएगी।
थाना क्षेत्र के गांव पूरे सुख्खा मजरे सरांय महेशा निवासी रामलखन पुत्र गया प्रसाद के घर में बुधवार दोपहर आग लग गई। चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान समेत 12 किसानों की 20 बीघा गेंहू की फसल को जलाकर राख कर दिया, एक बाइक भी जलकर खाक हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल सुरेंद्र पाल ने बताया कि घर की गृहस्थी व गेंहू की फसल का अवलोकन किया जा रहा है। बहादुरपुर ब्लॉक के गांव बबुरिहा मजरे पीढ़ी निवासी गयादीन के खेत में बुधवार दोपहर आग लग गई। आग से छह बिस्वा गेंहू की फसल व तीन बीघा फसल का अवशेष जलकर राख हो गया। हलका लेखपाल कामता प्रसाद ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी। (संवाद)
स्थानीय थाना क्षेत्र के भुवनशाहपुर मजरे घाटमपुर में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से किसानों की पांच बीघा खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बुधवार दोपहर अचानक ट्रांसफॉर्मर से चिंगारी निकलने लगी। इससे दुर्गेश प्रताप सिंह, सिद्धेश्वर प्रताप सिंह, दिनेश प्रताप सिंह व देवकी सिंह की पांच बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि पावर कॉरपोरेशन के जेई ने फोन रिसीव नहीं किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें