अंबेडकरनगर। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हंसवर थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर निवासी चंद्रभान (22) रविवार देर शाम बाइक से सुलेमपुर बाजार गया था। बताया जाता है कि जब वह जरूरी काम निपटाकर घर लौट रहा था, तभी बाजार के निकट उधर से गुजर रही निजी बस ने रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के अतरौलिया निवासी बृजेश कुमार (21) सोमवार सुबह बाइक से बसखारी जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह बसखारी बाजार के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रही निजी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी रामजी (36) सुबह बाइक से शहजादपुर जाते समय फव्वारा तिराहे के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अरिया निवासी राधे (45) रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। अलीगंज थाना क्षेत्र के सुलेमपुर निवासी अरविंद कुमार (52) सोमवार सुबह बाइक से टांडा जाते समय नगर के पास पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। अहिरौली थाना क्षेत्र के खेमापुर निवासी हरीराम (36) सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।