थाना क्षेत्र जैतपुर अंतर्गत बोदरा गांव में बुधवार दोपहर बांस काट रहा युवक हाईटेंशन तार से बांस में उतरे में करंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा गया।
उधर विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक युवक व एक युवती करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, युवक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार जैतपुर थाना अंतर्गत बोदरा गांव निवासी सुरेंद्र (28) बुधवार दोपहर गांव के निकट बाहर बांस काट रहा था। इसी बीच बांस ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार से छू गया। बांस हरा होने के चलते उसमें करंट उतर गया जिससे सुरेंद्र करंट की चपेट में आ गया।
चीख-पुकार पर जब तक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर उसे बांस से अलग करते, वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर चुका था।
घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रोते-पीटते परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। उधर एसओ एसएन भगत ने बताया कि घटना की जानकारी है। पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है।
उधर अहिरौली थाना अंतर्गत कटेहरी निवासिनी सरिता (29) बुधवार सुबह करंट लगने से झुलस गई। परिवारीजनों के अनुसार कपड़ा प्रेस करने के दौरान उसका हाथ कटे तार पर पड़ गया था।
उसे आननफानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अकबरपुर थाना अंतर्गत मीरानपुर निवासी मोहम्मद हनीफ (32) मंगलवार देर शाम घर की बिजली ठीक कर रहा था।
इसी बीच अचानक उसका हाथ खुले बोर्ड पर पड़ गया जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। गुहार पर जब तक उसे बोर्ड से अलग किया जाता, वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
आननफानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।