जानकारी के मुताबिक मसेना मिर्जापुर रामनगर पुरानी बाजार निवासी जयप्रकाश गुप्त का (18) वर्षीय पुत्र अनीस अपने कुछ दोस्तों के साथ रविवार सुबह स्नान के लिए सरयू नदी के चहोड़ाघाट गया हुआ था। वहां कई युवक पानी में छलांग लगाकर स्नान कर रहे थे।
इसी में अनीस भी शामिल था। बताया जाता है कि कुछ देर बाद अनीस गहरे पानी में चला गया, और डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसी बीच स्नान कर रहे अन्य युवकों ने शोर मचा दिया। कुछ देर में ही वहां बड़ी तादाद में ग्रामीण एकत्र हो गए।
कुछ ग्रामीणों ने नदी में उतरकर तलाश भी शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राहुल कुमार भी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। गोताखोरों को भी युवक की तलाश में लगाया गया, लेकिन घंटों तक कोई सफलता नहीं मिली। युवक के परिजन व रिश्तेदार भी कुछ देर बाद घाट पर पहुंच गए।
\
युवक की तलाश के दौरान घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। समाचार लिखे तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था।