नगपुर में आयोजित जुलूस-ए-अमारी में भाग लेने जा रहे अंजुमन के सदस्यों से भरा ऑटो शनिवार देर शाम जलालपुर थाना क्षेत्र के भड़भड़पुर गांव के निकट अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे एक युवा अंजुमन सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। छह अन्य सदस्य भी घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने ऑटो के चालक को हिरासत में ले लिया है।
आजमगढ़ जनपद के मित्तूपुर गांव से एक अंजुमन के कुछ सदस्य ऑटो से जलालपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत नगपुर में आयोजित होने वाले जुलूस-ए-अमारी में शामिल होने के लिए आ रहे थे। शनिवार देर शाम जब वे सभी जलालपुर थाना अंतर्गत जलालपुर-आजमगढ़ मार्ग स्थित भड़भड़पुर गांव के निकट पहुंचे तो इसी बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के चक्कर में ऑटो अनियंत्रित हो गया।
इससे पहले कि चालक वाहन को संभाल पाता, ऑटो कुछ दूर जाकर सड़क के किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इर्दगिर्द मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और ऑटो में फंसे अंजुमन सदस्यों को बाहर निकाला।
इनमें एक सदस्य मोहम्मद रईस (30) पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी मित्तूपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि सात अन्य फैजान, अलमदार, मोहर्रम अली, यूनुस, जाहिद, सिकंदर व जाकिर घायल हो गए। उधर, चालक ने घटना के बाद मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची जलालपुर पुलिस टीम ने चालक को अभिरक्षा में ले लिया।
सभी अंजुमन सदस्यों को नगपुर सीएचसी भेजा गया। वहां रईस को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। एसओ परमानंद राम ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांड़ीडीहा निवासी लालजी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।