कोहरे की मार ने ट्रेनों की रफ्तार थाम दी है। पिछले 24 घंटे में आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें 10 घंटे से भी अधिक विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। इनमें डाउन जनता एक्सप्रेस तो 20 घंटे विलंब से आयी। अप जनता एक्सप्रेस को शुक्रवार को निरस्त करना पड़ा जबकि आधा दर्जन से अधिक अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से औसतन छह घंटे के विलंब से यात्रियों को मिल सकीं।
ट्रेनों की इस लेटलतीफी से यात्रियों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रेलवे को और अधिक बेहतर सिस्टम लागू करना चाहिए जिससे ट्रेनों की लेटलतीफी कम हो सके। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से घना कोहरा लगातार अपना प्रभाव बनाए हुए है।
इससे सामान्य यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित रेल सेवाएं हुई हैं। शुक्रवार को कोहरे के चलते ही अप जनता एक्सप्रेस को निरस्त करना पड़ा जबकि गुरुवार को भोर में तीन बजकर 27 मिनट पर आने वाली डाउन जनता एक्सप्रेस अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 20 घंटे विलंब से पहुंची।
शुक्रवार शाम को अप इंटरसिटी एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे विलंब से अकरबपुर रेलवे स्टेशन आयी। शुक्रवार को ही अप दून एक्सप्रेस चार घंटे तो वहीं डाउन मरुधर एक्सप्रेस 11 घंटे विलंब से पहुंची। डाउन कैफियात एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहीं अप सरयू यमुना एक्सप्रेस यात्रियों को 15 घंटे विलंब से मिली।
आनंद बिहार डाउन एक्सप्रेस 13 घंटे विलंब से यहां पहुंची तो वहीं डाउन सियालदह एक्सप्रेस आठ घंटा लेट आई। शनिवार को ही उत्सर्ग एक्सप्रेस आठ घंटे विलंब से पहुंची तो साबरमती डाउन एक्सप्रेस चार घंटे विलंब से चली। अप पैसेंजर ट्रेन यात्रियों को छह घंटे विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मिली। कई ट्रेनें ऐसी भी रहीं जो दो से चार घंटे विलंब से आईं।
ट्रेनों की इस लेट-लतीफी के चलते यात्रियों को ठंड में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा। सबसे ज्यादा मुश्किल बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को हो रही है। लखनऊ जाने के लिए अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री सुनीता ने कहा कि वह अपने दो छोटे बच्चों व सास के साथ यहां आयी हैं। उन्हें मरुधर एक्सप्रेस पकड़ना था लेकिन घंटों इंतजार करने की मजबूरी बनी हुई है।
कहा कि रेलवे को ऐसा सिस्टम बनाना चाहिए कि कोहरे में भी ट्रेनें विलंब न हों। बुजुर्ग यात्री रामबहोर व श्यामलाल ने कहा कि उन्हें अपने बेटों के पास दिल्ली जाना है। मोबाइल न होने की वजह से बिना ट्रेन पता किए वे स्टेशन आ गए।
यहां पांच घंटे से ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि कुछ ट्रेनें विलंब से चल रहीं हैं। कोहरे के चलते ऐसा हो रहा है। यात्रियों को सूचना देने के लिए एनाउंस सिस्टम आदि को बेहतर रखा जा रहा है।