थाना क्षेत्र मालीपुर अंतर्गत सुरहुरपुर गांव में एक ग्रामीण की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है।
सुरहुरपुर गांव निवासी रवींद्र कुमार (43) पुत्र बिरजू गुरुवार दोपहर गांव के निकट स्थित सूखे आम के पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काट रहा था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। सिर के बल गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
जब तक उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जाती तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।