थाना क्षेत्र अंतर्गत लाभापार ग्रामसभा के प्रधान को गुरुवार सुबह तेज रफ्तार जीप ने रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण जब तक घटनास्थल पर पहुंचते तब तक चालक वाहन लेकर भाग चुका था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। लाभापार गांव निवासी रामनयन राजभर (40) पुत्र हरीलाल गुरुवार भोर में जलालपुर आए हुए थे। आवश्यक काम निपटाने के बाद वह सुबह नौ बजे के करीब बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वह जलालपुर मंगुराडिला मार्ग स्थित सरैया गांव के निकट पहुंचे तो इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित जीप ने उन्हें रौंद दिया।
इससे रामनयन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता देख चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच जानकारी होने पर एसओ परमानंदराम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताते चलें कि रामनयन लाभापार के ग्राम प्रधान भी थे। उनके निधन पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों को सांत्वना दी। उधर एसओ परमानंदराम ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर ली गई है।