जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका क्षेत्र के एकडल्ला गांव निवासी योगेश तिवारी (23) की मंगलवार को गुड़गांव में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुड़गांव में फ्लिपकार्ट कंपनी में काम करते थे और सुबह ड्यूटी के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी उमाकांत तिवारी के अनुसार योगेश करीब तीन माह से गुड़गांव में नौकरी कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वह ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
योगेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता अशोक तिवारी गुजरात की एक कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि बड़े भाई अभिषेक तिवारी छत्तीसगढ़ में कार्यरत हैं। मां रीता देवी और भाई अंकेश गांव में रहकर खेती-किसानी देखते हैं। योगेश की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। जिस बेटे के भविष्य को लेकर परिवार ने सपने संजोए थे, उसकी अचानक मौत से घर में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। रितेश मिश्रा, प्रशांत चौबे और आरएन सिंह ने शोक जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। परिवार के तमाम लोग शव लेने के लिए गुड़गांव गए हैं। देर रात सभी के वापस लौटने की संभावना है।