अंबेडकरनगर के इल्तिफातगंज में पिटाई से नागरिक की मौत के बाद जुटे लोग।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
केदारनगर (अंबेडकरनगर)। इल्तिफातगंज बाजार में एक युवक की हंसी मजाक करने को लेकर पिटाई करने से मौत हो गई। परिजनों ने इब्राहिमपुर थाने में तहरीर देकर चार आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज करने की मांग की है। इससे पहले मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर आक्रोश जताने लगे। पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत कराया। घटना के बाद बाजार की दुकानों के शटर भी धड़ाधड़ बंद हो गए।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र की इल्तिफातगंज बाजार में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों को पता चला कि पिटाई के चलते बाजार निवासी हसनैन (45) की मौत हो गई। बताया जाता है कि हसनैन मोहल्ले में अक्सर लोगों से हंसी मजाक करता रहता था। रविवार को भी उसने मोहल्ले के एक युवक से मजाक कर दिया।
आरोप है कि इससे गुस्साए युवक व अन्य लोगों ने हसनैन की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगोें की मदद से घायल हसनैन को बाजार स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। बताया जाता है कि परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे, तभी उसकी मौत हो गई।
हसनैन की मौत होते ही परिजनों व अन्य लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो गए और आरोपियों के विरुद्घ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना के बाद बाजार की दुकानों के शटर भी धड़ाधड़ बंद हो गए। कुछ देर में ही एनटीपीसी चौकी प्रभारी गजेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसी बीच सीओ संतोष कुमार व थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा कर शांत कराया। एसओ प्रमोद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।