अंबेडकरनगर। सिम्युलेटर मशीन पर एक माह तक वाहन दौड़ाने के बाद ही अब भारी वाहन का लाइसेंस मिल सकेगा। जिले में नौ ट्रेनिंग सेंटर ऐसे हैं जहां सिम्युलेटर मशीन के साथ-साथ अन्य कई प्रकार की व्यवस्थाएं हैं। ऐसे में भारी वाहन का लाइसेंस लेने के लिए पहले आवेदक को एक माह तक संबंधित मशीन पर प्रशिक्षण हासिल करना होगा, इसके बाद ही लाइसेंस के लिए पात्र हो सकेंगे।
एआरटीओ कार्यालय पर प्रतिदिन औसतन भारी वाहन के लिए सात आवेदन होते हैं। पूर्व में आवेदक को भारी वाहन का लाइसेंस जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित मोटर ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण हासिल कर आसानी से मिल जाता था। इसमें कई बार लाइसेंस देने में कई प्रकार की गड़बड़ी होने के मामले सामने आते रहे। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बीते दिनों शासन ने सिम्युलेटर मशीन पर एक माह तक प्रशिक्षण लिए जाने को अनिवार्य कर दिया।
जिले में अवध मोटर ट्रेनिंग स्कूल अकबरपुर, नेशनल मोटर ट्रेनिंग इल्तिफातगंज, विश्वकर्मा मोटर ट्रेनिंग सेंटर टांडा, स्टार मोटर ट्रेनिंग सेंटर बसखारी, साई मोटर ट्रेनिंग सेंटर इल्तिफातगंज, सुरेश मोटर ट्रेनिंग इल्तिफातगंज, भारत मोटर ट्रेनिंग मिझौड़ा, डीकेपी मोटर ट्रेनिंग सेंटर भीटी व बालाजी मोटर ट्रेनिंग सेंटर मिझौड़ा में न सिर्फ सिम्युलेटर मशीन है बल्कि अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गईं हैं।
आवेदक संबंधित मोटर ट्रेनिंग सेंटर पर निर्धारित राशि देकर प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। एआरटीओ कार्यालय के अनुसार एक सेंटर एक माह में 24 लोगों को ही प्रशिक्षण दे सकता है। प्रशिक्षण लेने के लिए आवेदक को एक वर्ष पुराना लर्निंग लाइसेंस, आधार कार्ड व दो फोटो सेंटर को उपलब्ध कराना होगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आवेदक को प्रमाणपत्र मिलेगा जिसके माध्यम से आवेदक एआरटीओ कार्यालय में आवेदन कर लाइसेंस हासिल कर सकेगा।
उधर एआरटीओ सत्येंद्र यादव ने बताया कि जिले के नौ ट्रेनिंग सेंटर से भारी वाहन का प्रशिक्षण लेकर आवेदक एआरटीओ कार्यालय से लाइसेंस हासिल कर सकते हैं।