जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। दोहरे हत्याकांड मामले में रविवार को अमर उजाला टीम मल्लूपुर मजगवां गांव पहुंची तो वहां परिवार के सदस्यों खासतौर पर महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। कई दिनों से धैर्य का परिचय दे रहीं महिलाएं खुद को काबू में नहीं रख सकीं। कई महिलाओं ने वीडियोग्राफी के बीच बयान में कहा कि इतने बड़े मामले में भी आखिर सरकार यहां तक क्यों नहीं आई। सरकार ने इस मामले में क्या कार्रवाई की, यह बताने की जरूरत क्यों नहीं महसूस की जा रही है। सरकार को बताना चाहिए कि यहां तक पहुंचने में किस तरह की हिचक है।
आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि तमाम छोटे-छोटे मामलों में सरकार के प्रतिनिधि दौड़े चले जाते हैं, लेकिन यहां सनसनीखेज दो सगे भाइयों की हत्या के बाद भी सरकार को सुध नहीं है। कोई भी मंत्री या सरकार का बड़ा प्रतिनिधि यहां तक नहीं पहुंचा है। पीड़ित महिलाओं व उनके बच्चों की सुध लेने की जरूरत क्यों नहीं महसूस की जा रही है। महिलाओं का कहना था कि यह रवैया अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक है। एक तरफ तो मिशन शक्ति जैसा अभियान चलाया जा रहा है, दूसरी तरफ दो पीड़ित महिलाओं व उनके परिवार के बच्चों का दर्द समझ में नहीं आ रहा है।