जहांगीरगंज/राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। दोहरे हत्याकांड में शासन व प्रशासन के रवैये से नाराज होकर अन्न त्यागने वाली दोनों पीड़ित महिलाओं की भूख हड़ताल भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेषनरायण मिश्र ने जूस पिलाकर समाप्त कराई। क्षेत्रीय अध्यक्ष के निर्देश के बाद प्रशासन ने दोनों पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने तथा चार नए शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने परिवार को शासन से आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी दिलवाने तथा सीएम से मुलाकात कराने का भी भरोसा दिलाया।
पूर्व प्रधान प्रतिनिधि अनिल मिश्र व उनके बड़े भाई सेवानिवृत्त फौजी सुरेंद्र मिश्र की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद शासन व प्रशासन के रवैये को लेकर पीड़ित महिलाएं पूर्व प्रधान किरन मिश्रा व यशोदा मिश्रा ने अन्न त्याग दिया था। वे इस घटना के बाद भी शासन के किसी वरिष्ठ प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के मौके पर न पहुंचने आदि को लेकर आक्रोशित थीं। सिर्फ अमर उजाला ने पीड़ित परिवार के इस दर्द को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया।
इस बीच भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेषनरायण मिश्र मंगलवार को मल्लूपुर मजगवां गांव पहुंचे।
उन्होंने सरकार व पार्टी उनके साथ है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को जो भी जरूरी मदद होगी, वह तय की जाएगी। उन्होंने एसडीएम व सीओ को निर्देशित किया कि परिवार की मांग के अनुरूप तत्काल प्रभाव से शस्त्र लाइसेंस निर्गत कराए जाएं। अधिकारियों ने इस पर हामी भरी। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने आर्थिक सहायता की मांग पर एसडीएम को निर्देशित किया कि दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करायी जाए। एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि यह आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया आज ही शुरू कर दी जाएगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष से परिवारीजनों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराने तथा परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी दिलवाने की मांग की। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शासन से अतिरिक्त आर्थिक सहायता दिलाने, परिवार के दो सदस्यों को नौकरी दिलाने व सीएम से मुलाकात कराने की कोशिश वे करेंगे। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने किरन व यशोदा को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। बाद में डीएम राकेश कुमार मिश्र ने भी पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की और नियमानुसार सभी जरूरी सुविधाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
दो लाइसेंस की होगी वरासत, चार नए बनेेंगे
गौरतलब है कि परिवार की मांग के चलते नए शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने पर अधिकारियों ने हामी भर दी है। क्षेत्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में अधिकारियों ने कहा कि दो शस्त्र लाइसेंस परिवार में पहले से थे। उनकी अब वरासत दी जाएगी। परिवार के दो सदस्यों के नाम यह शस्त्र लाइसेंस निर्गत किए जाएंगे। इसके साथ ही चार नए शस्त्र लाइसेंस भी परिवार को दिए जाएंगे।
परिवारीजन बोले, थैंक्स अमर उजाला
दोहरे हत्याकांड से जुड़े परिवारीजनों ने मंगलवार को खुलकर अमर उजाला को थैंक्स कहा। रवींद्र मिश्र ने अमर उजाला का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हमें बड़ा सहारा मिला। अमर उजाला ने अपनी जिम्मेदारी का शत-प्रतिशत निर्वहन किया है। अनिल मिश्र के छोटे भाई एलआईसी में विकास अधिकारी प्रवीण मिश्र ने कहा कि पूरे परिवार को तोड़ देने वाली घटना के बाद निश्चित तौर पर आज हमें यह जो कुछ सफलता मिली है वह सिर्फ अमर उजाला के प्रयासों से हो सकता है। सिर्फ अमर उजाला ने ही इस प्रकरण को इतने बेहतर ढंग से सामने रखा कि सभी को अब घर तक आना पड़ा और सभी जरूरी मांग पूरी करने का आश्वासन देना पड़ा। कहा कि ऐसी ही पत्रकारिता की जरूरत आज समाज को है, जो प्रत्येक दुखी पीड़ित के लिए बड़ा सहारा बन सके।