अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के महाराजगंज थाना अंतर्गत महाराजगंज निवासी उसूला देवी (38) मंगलवार को पूर्वाह्न अपने पति चंद्रपाल के साथ बाइक से मजगवां जा रही थी। बताया जाता है कि जब वह टांडा बसखारी हाईवे पर बसखारी बाजार के निकट पहुंचे, इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया। जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे में चंद्रपाल तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसूला देवी को गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश हो गई। उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत छावनिया मोहल्ला निवासी धीरज (22) को सुबह बाइक से बाजार जाने के दौरान दोस्तपुर चौराहे के निकट जीप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। टांडा कोतवाली अंतर्गत अजमेरी बादशाहपुर निवासी कमला देवी (60) सुबह रिश्तेदार के साथ बाइक से टांडा से घर जा रही थी। गांव के निकट अचानक सामने साइकिल सवार आने से बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई। बसखारी थाना अंतर्गत मसड़ा निवासी रामकुमार (36) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।