स्थानीय तहसील क्षेत्र के लखमीपट्टी गांव में शनिवार को करंट से एक महिला की मौत हो गई। घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। जनपद न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता व लखमीपट्टी गांव निवासी रामधारी यादव की पत्नी भावती (42) ने शनिवार दोपहर घर में टेबुल फैन चला रखा था।
पंखा थोड़ा झुका हुआ था जिसे वह सीधा करने के लिए उठाने लगी। इसी बीच उन्हें करंट का झटका लग गया जिससे वह झुलस गईं। वह जब तक चीखती-चिल्लाती और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने का प्रयास करते तब तक वह बेसुध होकर गिर पड़ीं।
अचानक कमरे में आवाज होने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो देखा कि भावती नीचे पड़ी हैं। तत्काल पंखे को प्लग से निकाला गया। हालांकि तब तक भावती की सांसे थम चुकी थीं। घटना से समूचे परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट हो गए।
सूचना पर अधिवक्ता रामधारी भी घर पहुंचे। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। बार एसोसियेशन जिलाध्यक्ष इंद्रमणि शुक्ल समेत अन्य अधिवक्ताओं ने शोकसंवेदना जताई है। जिला पंचायत सदस्य प्रदुमन यादव ने घर पहुंचकर मृतका के परिवार को ढांढस बंधाया।