फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार हजार तालाबों में भरवाया जाएगा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जल संरक्षण व जल संचयन योजना के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित लगभग 4 हजार तालाबों की न सिर्फ नए सिरे से खुदाई होगी, बल्कि उनका सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। जिन तालाबों में पानी नहीं है, उसमें या तो नहर या फिर सरकारी ट्यूबवेल के माध्यम से जल भरा जाएगा। ऐसा होने से एक तरफ जहां भीषण गर्मी में जलस्तर की कमी नहीं होगी, तो वहीं तापमान बढ़ने के बीच प्यास बुझाने के लिए मवेशियों को भी इधर-उधर नहीं भटकना होगा। तालाबों की दशा में एक पखवाड़े के अंदर सुधार हो सके, इसके लिए सीडीओ घनश्याम मीणा ने सभी खंड विकास अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

बताते चलें कि जैसे-जैसे तापमान में वृद्धि होती है, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अक्सर जलस्तर गिरने लगता है। इससे कई बार शुद्ध पेयजल को लेकर असहज स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जलस्तर गिरने व तालाबों के सूखने से मवेशियों को भी प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों ही सभी जिम्मेदारों को निर्देशित किया था कि तालाबों की दशा सुधारने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। जो तालाब सूखे हैं, उनमें पानी भरा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 4 हजार तालाब स्थित हैं। देखरेख के अभाव में तमाम ऐसे तालाब हैं, जिनका अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। कुछ तालाब ऐसे भी हैं, जिन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
शासन के निर्देश के बाद जिले में तालाबों की दशा सुधारने को लेकर जरूरी कदम उठाए जाने प्रारंभ कर दिए गए। सीडीओ घनश्याम मीणा ने इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित तालाबों की नए सिरे से खुदाई कराएं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम दो तालाबों को दुरुस्त किया जाए। साथ ही संबंधित तालाबों का सौंदर्यीकरण भी कराया जाए। निर्देशित किया कि जो तालाब सूखे पड़े हैं, उनमें जल संचयन व जल संरक्षण योजना के तहत नहर या फिर सरकारी ट्यूबवेल से पानी भरवाया जाए। यह भी निर्देशित किया कि एक पखवाड़े के अंदर संबंधित तालाबों को दुरुस्त कराकर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
विज्ञापन

समय रहते दुरुस्त होंगे तालाब
शासन के निर्देशानुसार समय रहते सभी तालाबों को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया जाएगा। न सिर्फ सौंदर्यीकरण किया जाएगा, बल्कि सूखे पड़े तालाबों में नहर या फिर सरकारी ट्यूबवेल के माध्यम से पानी भरा जाएगा।
विज्ञापन

-राजेंद्र कुमार मिश्र, मनरेगा उपायुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें