टांडा क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से तालाब में भराया गया पानी। स्रोत विभाग
अंबेडकरनगर। जिले में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नहरों के माध्यम से तालाबों और पोखरों को भरने का अभियान तेज कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड टांडा शोभित कुशवाहा ने बताया कि दो मई को फैजाबाद शाखा के जरिये सिंचाई खंड टांडा के शीर्ष पर पानी प्राप्त हो गया है, जिसके बाद विभिन्न नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विकासखंड अकबरपुर, कटेहरी, बसखारी, रामनगर, टांडा, भियांव, जलालपुर और जहांगीरगंज क्षेत्र में स्थित तालाबों एवं पोखरों को नहरों के माध्यम से भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सिंचाई खंड टांडा के अंतर्गत 94 तथा सिंचाई खंड अयोध्या के अंतर्गत 60 तालाबों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार कुल 154 तालाब एवं पोखरों को भरने की योजना बनाई गई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत तालाबों को भरना अनिवार्य है। वर्तमान समय में नहरों में जल उपलब्धता के अनुसार लगातार पानी छोड़ा जा रहा है और तालाबों को भरने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। तालाबों के भरने से जहां भूजल स्तर में सुधार होगा, वहीं किसानों को सिंचाई में भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट कम करने में भी मदद मिलेगी।