टांडा (अंबेडकरनगर)। एकतरफ जहां भारी वर्षा से हुए जलभराव को लेकर टांडा नगर में हाहाकार मचा हुआ है। वहीं पीने के पानी को लेकर भी त्राहि-त्राहि है। कारण यह कि बारिश के चलते यहां 24 घंटे से जल आपूर्ति व्यवस्था भी ठप रही।
मालूम हो कि टांडा नगर पालिका क्षेत्र में सात नलकूपों की स्थापना है, जिससे अलग-अलग मोहल्लों को पानी की आपूर्ति होती है। इस बीच हुई तेज बारिश से फाॅल्ट होने से छह नलकूप ठप हो गए। मात्र राजा के मैदान के पास लगे नलकूप का संचालन हो सका। छह नलकूपों के ठप होने से अलग-अलग मोहल्लों के लोगों को पानी के लिए मुसीबत उठानी पड़ी। तमाम लोग दुकानों से बोतल बंद पानी खरीदने को मजबूर हुए। नहाने व कपड़ा धोने के लिए लोगों को काफी मुसीबत हुई। नागरिकों की समस्या को देखते हुए विधायक राम मूर्ति वर्मा ने डीएम से वार्ता की।
उधर पालिका के जलकल विभाग के प्रभारी शैलेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि नगर पालिका के सात नलकूपों में मात्र एक नलकूप चालू है। बाकी 6 नलकूपों में फाॅल्ट आने के कारण बंद किया गया है। मरम्मत का कार्य चल रहा है, समस्या दूर होते ही जलापूर्ति शुरू हो जाएगी। वहीं 24 घंटे से पानी न मिलने पर नागरिकों ने नाराजगी प्रकट की।