अंबेडकरनगर के आलापुर तहसील मुख्यालय पर ग्रामीणों को समझाती विधायक अनीता कमल।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर (अंबेडकरनगर)। आबादी की भूमि पर मनरेगा के तहत पार्क का निर्माण कराने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया। हालांकि विधायक अनीता कमल ने ग्रामीणों को समझा कर शांत करा दिया। साथ ही अधिकारियों से वार्ता कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
मामला रामनगर विकासखंड के लक्ष्मीपुर का है। गांव के कई ग्रामीण मंगलवार को एकजुट होकर तहसील मुख्यालय पहुंच गए और आबादी की भूमि पर मनरेगा के तहत जबरन पार्क का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया। इसी बीच जिला मुख्यालय जा रहीं विधायक अनीता कमल ने अपना वाहन रुकवाकर ग्रामीणों से वार्ता की।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी आबादी की भूमि पर ग्राम पंचायत की ओर से मनरेगा के तहत बाउंड्रीवाल कराकर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। यह पूरी तरह से गलत है। पार्क का निर्माण हो जाने से उनकी भूमि समाप्त हो जाएगी। मामले की शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। विधायक अनीता कमल ने एसडीएम व तहसीलदार से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण से अवगत कराया। साथ ही मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी भूमि पर किसी भी तरह का निर्माण नहीं होगा। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। बीडीओ सुभाष चरण सरोज ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। ग्राम सचिव को अग्रिम आदेश तक कार्य को रोकने का निर्देश दिया गया है। इस मौके पर रामबदन, सचिन चंद्र, जितेंद्र कुमार, घर भरन, सूरज व विजयलक्ष्मी आदि मौजूद रहे।