जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में विवादित भूमि की पैमाइश करने के लिए राजस्व टीम के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि निर्धारित तिथि के बावजूद राजस्व टीम पैमाइश के लिए नहीं पहुंच सकी। इससे उनके कई कार्य प्रभावित हो गए। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया। बताया कि चुनाव संबंधित कार्यों में अधिकारियों व कर्मचारियों के व्यस्त होने से पैमाइश नहीं हो पाई। जल्द ही पैमाइश कराई जाएगी।
जलालपुर तहसील क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में सत्य प्रकाश बरनवाल व ग्रामीणों के बीच एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में बीते दिनों ही ग्रामीणों ने तब जमकर हंगामा किया था, जब सत्य प्रकाश संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि संबंधित भूमि अंबेडकर प्रतिमा स्थल व ग्राम समाज से जुड़ी भूमि है। ऐसे में यहां निर्माण कार्य नहीं हो सकता। एसडीएम अभय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि संबंधित भूमि की पैमाइश कराकर जरूरी निस्तारण कराया जाएगा।
बाद में 12 फरवरी पैमाइश की तिथि निर्धारित हुई। इस बीच निर्धारित तिथि के अनुसार ग्रामीण संबंधित स्थल पर पहुंचे। काफी समय बीत जाने के बाद जब कोई राजस्व कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की खबर क्षेत्रीय लेखपाल रविकांत तक पहुंची तो वे आननफानन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को बताया कि अधिकारी व कर्मचारी चुनाव संबंधित कार्यों में व्यस्त हैं। इसी के चलते पैमाइश नहीं हो सकी। जल्द ही पैमाइश कराकर मामले का निस्तारण कराया जाएगा। आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हो गए।